Saturday, July 04, 2015

एक नया सफर

जीवन एक यात्रा है। निरंतर चलती हुई। अंतिम सांस के साथ आने वाली मौत पर ही रुकने वाली। छोटे से इस जीवन में कई मुकाम आते हैं। रेलगाडी के सफर में आने वाले स्टेशनों की तरह। गाडी रुकती है, कुछ लोग चढते हैं कुछ उतर जाते हैं। गाडी फिर आगे बढ जाती है। नए लोगों का साथ मिलता है पुराने लोग छुट जाते हैं। आज ऐसी ही एक रेलगाडी में बैठा वो अपने जीवन के सफर के अगले मुकाम तक बढ रहा है।

वक्त बढता तो निरंतर अपनी ही रफ्तार से है मगर लोग महसूस करते हैं अपनी सहूलियत से। गुजरता हुआ वक्त जब हसीं होता है तो और लम्बा चलने की हसरत में जल्दी जल्दी बीतता हुआ सा महसूस होता है। लगता है अभी तो शुरूआत हुई थी और अभी अभी सब खत्म हो गया। पिछले तीन सालों में उसने कई उतार चढाव देखे हैं। बडी ही सामान्य सी बात है, आखिर तीन साल कोई छोटा समय तो नहीं होता। कुछ पल बडे लम्बे बीते और कुछ अच्छे वाले पलक झपकते ही ओझल हो गए। यही कारण है कि चाहते हुए भी वह ऐसा नहीं सोच पा रहा है कि ये पिछले तीन साल बडे जल्दी बीत गए।

जो भी हो, कलकत्ता छोडकर जब आज वो निकल रहा है तो पिछले तीन साल के कई खट्टे मीठे पल अभी याद आ रहे हैं उसे। तीन साल और एक दिन। एक और सफर की शुरूआत होती है। ऐसे ही रेलगाडी के एक डिब्बे में। वो उस दिन भी अकेला चला था इस सफर में और आज भी अकेला है। कुछ सपने उस दिन भी थे आँखों में, कुछ आज भी हैं। आज मगर एक सुकून भी है। पुराने सपनों के पूरे हो जाने का। वो सपने जो उसके लिए उसके पापा ने देखे थे। वही सपने जो शायद उसके पापा के लिए उनके बाबूजी ने देखे थे। पिता के सपनों को पूरा करने की खुशी आज अपने सपने खुद देखने वाली पीढी क्या समझेगी!

3 जुलाई 2012 का वो दिन था, अस्पताल में उसका पहला। मंगलवार का दिन। सामने आने वाले 3 सालों के सपनों को देखते हुए अपने नए दोस्तों से मिल रहा था। सबसे पहले एक सीनियर से मुलाक़ात हुई। उसके अपने ही यूनिट के। गैर-हिंदी बोलने वाले इस नए जगह में उस हिंदी-भाषी से मिलकर शायद एक अपनापन सा महसूस हुआ था। समय के साथ दोनों अच्छे दोस्त बनने वाले थे। शुरुआत उस दिन ही हुई थी जो आजतक कायम है। उनके साथ ही उसने पहली बार वार्ड के चक्कर लगाये थे। और वहीँ मुलाक़ात हुई उसे अपने यूनिट के साथी से, जिसके साथ तीन साल बीतने वाले थे।

वार्ड के बाहर ड्यूटी-रूम में बत्तियां बुझाकर सो रहा था। हॉस्टल में कमरा नहीं मिला था। वो ड्यूटी-रूम ही उसका घर बना रहा था अगले ढाई-तीन महीनों के लिए। एक काला सा अजीब सा दिखने वाला लड़का। सांवला कहना सांवलेपन का अपमान था, इसलिए काला। घुंघराले बिखरे बाल। पसीने के दाग लगे हुए कमीज। आँखों में थकान। आने वाले पहले साल की थकान भरी ज़िन्दगी की कहानी बयां कर रही थी उसकी ये हालत। उसके कमरे में घुसते ही वो जग गया था। बत्ती जलायी, सिगरेट मुंह में लगाकर सुलगाया और फिर हाथ बढाकर हुई पहली मुलाक़ात। न जाने कितने सिगरेट पीने का असर उसे झेलना पड़ा था अपने इस नए दोस्त की इस आदत के कारण।

अगले कुछ महीने उसके बड़े खट्टे-मीठे बीते। कभी वार्ड से डिस्चार्ज होते मरीज़ों की दुआएं मिलती और कभी किसी गलती पर सर की झाड़। झाड़ ज्यादा मिलती थी, दुआएं कम। फिर भी काफी होती थी हौसला बढ़ाये रखने के लिए। झाड़ तो अक्सर बंगाली में मिलती थी। शुरूआती कुछ महीने वो समझ ही नहीं पाता था। होठों पर मुस्कान रहती थी। सर और गुस्सा होते थे। और झाड़ पड़ती थी। उसकी मुस्कान टस से मस नहीं होती थी। बाद में उसके साथी उसे बताते थे, वो झाड़ खा रहा था। मुस्कान फिर ठहाकों में बदल जाती थी।

समय गुजरता चला गया। नए मरीज़ भर्ती होते। इलाज़ होता, ऑपरेशन होता। ज्यादातर ठीक होकर घर जाते, कुछ साथ छोड़ देते। कभी दुआएं मिलती, कभी गालियां भी पड़ती। इन सब के बीच वो अपने घर से, परिवार से दूर चलता रहा  अपने इस सफर में। कभी कुछ दोस्त होते थे, ज्यादातर अकेले ही रहता था। अकेलेपन का अहसास तो होता ही था, मगर उसने कभी इसे अपने मन पर हावी नहीं होने दिया। सपनों के पीछे भी ताक़त होती है जो उसे उसकी नियति की ओर ले जाती है। माँ-बाप के उस सपने के पीछे उनका ही आशीर्वाद होता है। उसी आशीर्वाद के सहारे आज फिर से उसने एक सपना देखा है। उसी नए सपने के साथ वह चल निकला है। इस नए सफर पर।


1 comment:

Alok said...

बढ़िया, बस इसी तरह आगे बढ़ते रहो, कभी ऐसा नहीं लगे की गोल गोल घूम रहे हैं ;)