Thursday, September 03, 2015
Sunday, March 15, 2015
एक रूह पड़ी थी झाड़ों में !
यह कृत्य निर्मम और नृशंस था इसमें संदेह की कोई गुंजाईश नहीं थी। मगर ऐसा करने वालों और उन्हें बचाने की दलील देने वालों की सोच आज भी ऐसी नीची और तंग हो सकती है ऐसा नहीं सोचा था। दुःख होता है ये सोचकर कि हम भी उस समाज में ही रहते हैं जहां ऐसी मानसिकता रखने वाले लोग भी रहते हैं। सरेशाम एक लड़की की इज़्ज़त कोई लूट लेता है और एक अमानवीय तरीके से मौत के घाट उतार देता है और हम कहते हैं कि ऐसा करने वाला एक नाबालिग था इसलिए उसे सजा उस हिसाब से ही मिले। सवाल उठते हैं। उसे नाबालिग मानने वालों पर भी और बालिगपने को सिर्फ उम्र से परिभाषित करने वालों पर भी। एक कृत्य जो बालिग़ होने की निशानी है, वो करने वाला एक नाबालिग। वाह रे देश का क़ानून। 3 साल की सजा हुई उस नाबालिग को। ज़ुर्म था एक निर्मम हत्या। जरा सोचिये, वो इस साल दिसंबर में रिहा होगा। यही नहीं अब वो कानूनन बालिग़ भी है। हमारे आपके बीच अपने समाज में रहेगा। बस सोचिये हम क्या दे रहे हैं अपने समाज को और अपनी पीढ़ी को।
एक दिन पहले ही एक फिल्म भी देखा। NH 10. डाक्यूमेंट्री और इस फिल्म में कोई समानता नहीं है पर चोट दोनों एक जगह ही करती है। इक्कीसवीं सदी में आकर भी हम अपनी माँ-बहन-बेटी की तरफ क्या सोच रखते हैं। परिवार की इज़्ज़त रखने के लिए भाई अपने बहन को मौत के घाट उतार देता है क्यूंकि वो उनके मर्ज़ी के विरुद्ध शादी करना चाहती है। देश की राजधानी की चकाचौंध से ठीक बाहर हरियाणा में ऐसे गाँव हैं जहां बेटियां पैदा नहीं होती, पहले ही मार दी जाती हैं। ये सब सच है। साफ़ सफ़ेद सच, हमारी सोच की, हमारी मानसिकता की। इस फिल्म और डाक्यूमेंट्री ने मिलकर मन को बड़ा विचलित किया। इसी विचलित मन से…
एक रूह पड़ी थी झाड़ों में
था लहू टपकता आँखों से,
थी मांग रही एक हाथ अदद
बढ़ सका न कोई सहस्त्रों में।
था सुना महान है देश उसका
संस्कृति उत्तम है, लिखा शास्त्रों में,
इंसान बसा करते थे जहां
आज हैवान पड़े हैं इन रास्तों में।
माँ कहकर पूजते देश को जो
औरत की इज़्ज़त कर न सके
मरती रही रस्ते में पड़ी बेटी जो
रह गए खड़े, कोई बढ़ न सके।
हर ओर खड़े हैवान यहां
मर रही हर ओर एक बेटी है,
माँ का गर्भ जो सूना हुआ
वो कोई नहीं एक बेटी है।
की गलती उसने
था प्यार किया
इज़्ज़त की खातिर ही
ज़िंदा उसको गाड़ दिया,
है ख़ाक ये ऐसी इज़्ज़त जो
मांगती खून अपनी ही बेटी की
है धिक्कार समाज ये तेरे मस्तक पर
जो रख सका न लाज अपनी ही बेटी की।
एक रूह पड़ी थी झाड़ों में !
Tuesday, February 24, 2015
कुछ पुराने पन्नों से
कुछ साल पहले डायरी लिखने की शुरुआत की थी। पहले हर रात लिखा करता था। फिर कुछ अंतराल आने लगे। अंत में सब बंद हो गया। शुरुआत क्यों हुई थी और अंत क्यों हुआ इसके बारे में कभी गहरे विश्लेषण की जरुरत है। बस लिखा करता था। लिखने का शौख था शायद इसलिए या शायद कुछ ऐसी बातें होती थी जो किसी से साझा नहीं कर सकता था इसलिए। जो भी हो, कभी कभी डायरी के उन पन्नों को मिस जरूर करता हूँ। कभी मौका मिलता है तो उन पुराने पन्नों को पलट भी लेता हूँ। कभी हंसी आती है पढ़कर, कभी रोना। जो भी हो पुरानी यादें ताज़ा हो जाती हैं। कभी कभी तो ऐसी बातें भी याद आती हैं जिसे समय ने एक गहरी परत के नीचे दफ़ना दिया था।
आज हॉस्टल के अपने कमरे में अकेले बैठे कुछ पुराने कॉपी के पन्ने पलट रहा था। एक छोटा सा कागज़ का टुकड़ा मिला। 2-2.5 साल पुराना। कुछ लिखा हुआ। मन के किसी ख्याल को शायद अपने अकेलेपन में कागज़ पर उतरा होऊंगा। याद करने की कोशिश की। बहुत कुछ याद आया। हर किसी की ज़िन्दगी में कई मोड़ आते हैं। वो मेरी ज़िन्दगी का एक ख़राब समय चल रहा था। 6 साल साथ बिताने के बाद पहली बार हमलोग थोड़े दूर हुए थे। भौगोलिक दूरी का असर कहीं न कहीं हमारे दिलों की दूरी पर भी पड़ा था। झगड़े होते थे। बातें कम होती थीं। भावनाओं पर सवाल उठते थे। और जब उन सवालों से ऊब जाता था तो बस खामोशियाँ रहती थी। ख़ामोशी से और झगड़े होते थे। बातें और काम होती थीं। और सवाल उठते थे, जवाब में और खामोशियाँ आती थी। उसी कागज़ के पन्ने को आज यहाँ साझा कर रहा हूँ। बस यूँही, पुराने दिनों की याद में। कुछ पुराने पन्नों से…
झुकी हुई सी उसकी नज़र सवाल दिल से पूछती है,
मेरी खामोशियों में वो अपने जवाब ढूँढा करती है,
इस ख़ामोशी को मेरी बेरुखी मत समझ लेना तुम,
मेरे दिल का हाल बयां ये ख़ामोशी करती है।
साथ तेरे ही शुरू किया था मैंने ये सफर
मंज़िल भी अपनी आस-पास ही थी कहीं,
फिर क्यों बढ़ गयी दिलों की ये दूरी,
हर वक़्त इसी सोच में डूबी ये ख़ामोशी रहती है।
साथ देने का वादा किया था तुमसे इक बार
आज खामोश हूँ, ये न समझना कि भूल गया
ये मेरी बेवफाई नहीं कि आज कुछ बोल नहीं रहा
इस वादे को निभाने की शर्त बयां ये ख़ामोशी करती है।
Wednesday, May 07, 2014
ज़िन्दगी और मौत
Monday, November 05, 2012
वो सब कुछ!
कमरे में अकेला,
पलंग पर करवटें बदलता,
घड़ी की टिक-टिक सुनता,
कोसता उस आवाज़ को
जो याद दिला रही थी उसे
बीते हुए वो दिन, वो पल,
वो सब कुछ।
वो चेहरा, वो मुस्कराहट,
बड़ी सी मुस्कुराती आँखें
शरारत से लबालब,
होठों के नीचे वो काला तिल,
तिल पर टिपटिपाती उंगलियाँ,
वो छोटी छोटी प्यारी उंगलियाँ,
उन्हें अपने हाथों में लेना
अपनी उँगलियों में उन्हें समाना
जैसे अपनी रूह में समाना उसे,
वो सब कुछ।
घड़ी की वही टिक-टिक
याद दिला रही थी उसे,
आज का उसका अकेलापन
दिल का उसका वही खालीपन।
कोशिश करता था वो
उस खालीपन को भरने का
उन्ही यादों के सहारे
उन हर खूबसूरत पलों के सहारे
जो साथ बिताया था उन्होंने,
लड़ते, झगड़ते, हँसते, खेलते,
साथ में।
कितने प्यारे थे वो दिन,
न जाने कहाँ चले गए।
आज सब धुंधला था,
वो चेहरा भी, वो मुस्कराहट भी,
वो आँखें भी, शरारत की जगह
अब आंसुओं से लबालब,
छोटी छोटी वो उंगलियाँ
तड़पती अपने आप को समाने।
वो सब कुछ।
सब कुछ धुंधला था,
आँखों में नमी थी
या सामने धुंध था,
जो भी हो,
एक उम्मीद थी,
नमी हटेगी कभी
धुंध छंटेगा कभी।
वो चेहरा, व मुस्कराहट
सब साफ़ दिखेंगे कभी,
फिर से घड़ी की सुइयां
लायेंगी वापस वही समय,
वहीँ, जहाँ शुरू हुआ था सब कुछ।
हाँ, वो सब कुछ!
Saturday, February 04, 2012
वो चीखता है
Wednesday, December 01, 2010
यूँही फुर्सत में: कुछ ख्याल!
कुछ पल कामचोरी के,
कई सफहों को कलम फिर गंदा कर गयी!
वो जब कुछ नहीं करता तो कितना कुछ कर देता है या कितना कुछ कर देने की शक्ति रखता है. कमरे में अकेले किताबों के बीच बैठा हुआ. बड़ी मुश्किल से ध्यान वहीँ बगल में रखे अपने लैपटॉप पर से हटा पाता है. किताबों की पतली-मोटी अक्षरें उसका ध्यान अपनी तरफ खींच पाने में अक्सर असफल हो जाती हैं. कमरे के बाहर सड़क पर से गुजरती हुई वो 'उमर बिजली मलहम' की प्रचार गाड़ी उन अक्षरों को हमेशा मात दे देती हैं. कमरे के बाहर का कुछ भी उसे कितना भाता है. उसका मन हमेशा यूँही कुछ ख्यालों में खोया रहता है. बेतरतीब से कई ख्याल, कुछ ढंग के, बाकी सारे बेढंगे, बिना सर पैर के. ख्यालों की कोई निश्चित दिशा नहीं होती, इसका प्रमाण वो हर रोज़ अपनी ज़िन्दगी में देखता है. घर के बाहर काम कर रहे मजदूर के चेहरे पर के झुर्रियों से जो उड़ान ख्याल भरते हैं उनकी लैंडिंग न जाने कहाँ कहाँ हो जाती है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल वालों को कितनी मुश्किल होती होगी. कभी आगे से, कभी पीछे से, कभी ऊपर से, कभी नीचे से, अचानक, ख्यालों का एक्सीडेंट न जाने कितनी बार हवाई जहाज़ों से होता होगा.
न जाने कितने ख्याल कुछ मिनटों में उसका मन बुन लेता है. कुछ ख्याल ऐसी सवालों के शक्ल में आते हैं जिनका जवाब कोई नहीं दे सकता. 'मनमोहन देसाई न होते तो "खोया-पाया" फिल्मों का वजूद क्या होता?'.......'अमिताभ बच्चन की ऊंचाई थोड़ी कम होती तो ड्रीम हसबैंड की ऊंचाई का मानक कौन होता?'.......'माधुरी दीक्षित की चोली के पीछे इतनी हलचल क्यूँ रहती थी?'.........'विनोद मेहरा के शर्ट के ऊपर के चार बटन नदारद क्यूँ होते थे?'.........'हेलेन आंटी का पीठ हमेशा खुला ही क्यूँ होता था'.......'हंगल साहब अपने बेटे की अर्थी उठाते उठाते खुद कभी क्यूँ नहीं मरे?'........'सचिन तेंदुलकर बैटिंग के पहले टाँगे क्यूँ फैलाता है?'........'सिद्धू के मुहावरों की गंगोत्री हिमालय के किस भाग से निकलती है?'.........ऐसे ही कई सौ सवाल है..........जवाब न मिलता है, न मिलने की ख्वाहिश होती है. बस एक ख्वाहिश रहती है ऐसे सवालों के हमेशा जिंदा रहने की. शायद मन को घूमने का इक आयाम देती हैं ये. उनकी उड़ान के लिए पंखों का सहारा बनती हैं ये. शायद इसीलिए जवाब ढूंढता भी नहीं वो. कहीं जवाब मिल गए तो मन की उड़ान बंद न हो जाये.....
कई ख्याल ऐसे भी होते हैं जो उसे कुछ सोचने को मजबूर करती है. कई दिन की चिलचिलाती धूप के बाद वो कुछ घंटों के लिए बादलों का घुमड़ना.......हवा के झोकों में किसी लड़की का दुपट्टा फिर से उड़ना.........दिन भर काम करते उस मजदूर का झुर्रियों भरा चेहरा.........अस्पताल में इमरजेंसी में एक गरीब की अपनी किस्मत से हार........उस दिन टेलीफोन पर प्रेमिका से झगडा........न जाने और क्या क्या........रेखा के मन को बहकने के लिए बेली के महकने की दरकार होती थी, उसके मन के लिए ऐसी कोई जरुरत नहीं. बहकना उसके मन का शौक है, मजबूरी नहीं. बिना किसी सीमा के किसी भी गली में कभी भी घुस जाता है उसका मन. मंजिल तक पहुचने की कोई लालसा नहीं, बस राह चलते रहने की अभिलाषा होती है.
कुछ ऐसे ही बेगारी भरे दिन बीते पिछले कुछ दिन. कई ख्याल मन में उमड़ते रहे. कुछ नाकाम रह गए तो कुछ ने शब्दों की शक्ल ले ली. ऐसे ही कुछ ख्याल यहाँ पेश करने के कोशिश कर रहा हूँ. उम्मीद है पसंद आयेंगे!
-----------------------------------
उस रोज़ सूरज ने आँखें मूंदी थी
या बादल के साए में छुप गया था.
चाँद दो पल के लिए ही सही, मुस्करा रहा था!
------------------------------------------------
ज़ालिम हवा के वो झोंके
उड़ता हुआ वो तुम्हारा दुपट्टा
उफ़! खुली आँखों के ये सपने बड़े जालिम होते हैं!
---------------------------------------------------
चाँद आया था धरती और सूरज के बीच
तारे भी उस रोज़ मुस्करा रहे थे.
बीच दोपहर में भी रात आती है कभी!
-------------------------------------------------
वो झुर्रियों भरा चेहरा आज भी ईंट ढो रहा था.
आसमान में आज बादल छा गए थे
आख़िरकार आज सूरज ने भी हार मान ही ली!
--------------------------------------------------
वक़्त की बेवफाई कहूं
या शुबहे की दगाबाजी थी.
जागे हुए बड़ी लम्बी गुजरी थी वो रात!
-----------------------------------------
ज़िन्दगी और मौत की जद्दोजहद में
गाँधी के चंद हरे-लाल चेहरों ने फिर बाजी मार ली
ये बीमारियाँ गरीबों का पेटेंट ही क्यूँ नहीं करा लेती?
----------------------------------------------------
Friday, November 26, 2010
फिर यादें होती हैं, उदासी नहीं होती!
कमरे के कोने में बैठा
शायद घंटों बीत गए थे,
एक और शाम यूँही ढल गयी थी
शायद बाहर अँधेरा हो आया था.
कोई फर्क नहीं पड़ता,
बाहर के अँधेरे से,
अब डर नहीं लगता.
आदत सी हो गयी है.
आखिर मन में अँधेरा ही तो है.
मन में अँधेरा?
सचमुच?
नहीं, अँधेरे की आदत नहीं लगी
बस अब महसूस नहीं होता,
यादों के उजाले में, अब,
अँधेरा पता ही नहीं चलता.
एक अकेलापन है.
है क्या?
कमरे के कोने में
अकेला ही तो बैठा हूँ.
सच क्या?
नहीं, यादों के भवर में
कई लोग हैं,
साथ घूम रहे हैं,
यूँही झूम रहे हैं.
साथ वो भी बैठी थी शायद,
बगल में तो नहीं थी,
हाँ, ख्यालों के एक कोने में होगी,
वही तो होती है हमेशा.
कुछ बोलती है
मेरी यादों के बारे में,
कुछ पूछती है,
इन ख्यालों के बारे में.
वो बोलती है,
यादों की उड़ान
न जाने कहा ले जाती है,
टूटे हुए तारों को अचानक
फिर जोड़े जाती है.
तार जुड़ने की खुशियाँ कम,
टूटे होने की पीड़ा अधिक दे जाती है,
तनहा तो नहीं छोड़ती,
पर दुखी छोड़े जाती है.
वो पूछती है,
क्यूँ उदास होते हो पुरानी बातों में,
क्यूँ डूबे रहते हो उन यादों में?
जो खुशियाँ नहीं देती
क्या फायदा उन यादों का,
मन उदास हो जिनसे
क्यूँ बात करना उन ख्यालों का?
मैं कहता हूँ,
यादों से दूर न करो,
उन ख्यालों से दूर न करो.
आज हमेशा आज नहीं होता,
हर कोई हमेशा पास नहीं होता.
दोस्त रहते हैं मगर दोस्ती नहीं रहती,
दिल होता है मगर दिल्लगी नहीं होती.
हाँ, सच ही तो कहते हैं लोग,
ज़िन्दगी हर वक़्त एक जैसी नहीं होती.
लोग मिलते हैं मगर,
बातों की फुर्सत नहीं होती,
बस पुरानी डायरी के कुछ पन्ने होते हैं,
फिर यादें होती हैं, उदासी नहीं होती!
Monday, November 08, 2010
आइना मुझसे मेरी पहचान मांगता है
कुछ लोग इन बदलावों के बाद भी एक समन्वय अपनी ज़िन्दगी में बना लेते हैं जिससे किसी को कोई कठिनाई नहीं आती मगर, ज्यादातर लोग इस समन्वय को बना पाने में असमर्थ रहते हैं. बात बात पर घर में झूठ बोलना, बातों को छिपाना, चुप रहना, लड़ना-झगड़ना एक आदत सी बन जाती है. माँ-बाप भी सब कुछ जानकार अनजान बने रहते हैं. उनकी सुनने वाला ही कोई नहीं रहता जिसे वो कुछ बोलें. एक आपसी तनाव का सा माहौल बन जाता है. ऐसा तनाव जिसके छूटते ही पूरा घर बिखर जाए. कई घरों को बिखरते देखा है ऐसे तनाव में. कुछ बच जाते हैं और कुछ बचने का ढोंग करते रहते हैं. बस, ऐसे बदलाव की हर नयी खबर से एक और घर के बिखरने का डर मन में बैठ जाता है. एक आशा मन में जगी रहती है कि काश ये घर उन घरों में से हो जो बिखरने से बच जाते हैं.
आज की पेशकश भी ऐसे ही बदलावों के बारे में है जो हर किशोर और किशोरी के जीवन में आज आ रहे हैं. उम्मीद है पसंद आएगी.
आइना मुझसे मेरी
पहचान मांगता है,
कौन हूँ मैं, अब,
मुझे अनजान मानता है.
मेज पर रखी घड़ी,
रैक पर की किताबें,
कमरे की छत,
छत के कोने के झाले,
सब,
नीची निगाहों से मुझे देखते हैं,
आँखों ही आँखों में मुझे कोसते हैं.
कहते हैं मैं वो न रहा,
बदल गया हूँ,
किसी के मिल जाने से
घमंडी हो गया हूँ.
माँ भी यही कहती है,
पापा कुछ नहीं कहते,
उन्होंने कभी कुछ कहा भी नहीं.
बस देखते हैं, घूरते हैं,
शायद मन ही मन वो भी कोसते हैं.
मैं समझ न पाया,
बदलाव ये कैसा मुझमे आया,
आईने में ढूँढने जाता हूँ,
मगर नज़र उठा नहीं पाता,
आइना सवाल करता है,
मैं कुछ बता नहीं पाता.
आईने से नज़रें चुराकर
खुद से नज़रें मिलाता हूँ,
उन दो पलों में ही
खुद को कितना बदला हुआ पाता हूँ,.
माँ की बातों से दूर,
उसकी बेतुकी बातें अब अच्छी लगती हैं,
पापा की झाड़ से पहले
उसके SMS पर आँखें टिकी रहती हैं.
आइना सबकुछ बता देता है,
खुद की नज़रों में सबकुछ दिखा देता है.
कोई धुंध नज़रों के बीच नहीं आता,
कोई पर्दा सच को छिपा नहीं पाता.
अब तो अपनी नज़रें भी
मेरी पहचान मांगती हैं,
कौन हूँ मैं, अब,
मुझे अनजान मानती है.
Monday, October 25, 2010
जीवन का संघर्ष!
ज़िन्दगी के इस सफ़र में
कई मोड़ हैं आते.
कभी सूरज की रोशनी
तो कभी अमावस की रातें.
एक ऐसे ही मोड़ पर
आज खड़ा हूँ मैं,
एक लम्बी सी सुरंग के
बीचो-बीच पड़ा हूँ मैं.
ज़िन्दगी के दो रौशन भागों को
जोडती ये लम्बी सुरंग,
जीवन की रंगीनियों के बीच
ये अँधेरी बदरंग सुरंग.
कल की मस्ती को पीछे छोड़
कल की जिम्मेदारी तक पहुँचाती ये सुरंग,
जीवन के संघर्ष से
पहचान कराती ये सुरंग.
संघर्ष, माँ-बाप के सपनों को पूरा करने का,
संघर्ष, अपनी आकांक्षाओं को पा लेने का,
संघर्ष, समाज की अपेक्षाओं पर खड़ा उतरने का,
संघर्ष, अपने आप को साबित करने का.
चलता जा रहा हूँ
इस एकतरफा सुरंग में,
शायद अकेला हूँ,
शायद कुछ और लोग भी हैं.
घुप्प अँधेरे में
कोई दिखाई नहीं देता
कोई आकृति नहीं , कोई काया नहीं
साथ चलने को, खुद का साया भी नहीं.
बढ़ते रहने की कोशिश करता हूँ
मगर कभी रूक भी जाता हूँ.
पिछली छोर की रौशनी की याद
क़दमों को रोक देती हैं
पीछे लौटना चाहता हूँ,
अपने संघर्ष से हार जाता हूँ.
फिर ख्याल आता है,
सुरंग के अंत का
आने वाले छोर पर रौशनी का,
एक संकल्प करता हूँ,
संघर्ष की फिर शुरुआत करता हूँ
बढ़ता जाता हूँ, चलता जाता हूँ.
Sunday, October 24, 2010
दुहाई अपने औरत होने की!
Saturday, October 23, 2010
There are times when...
There are times when,
Life throws at us
Instances.
To look into,
To learn from,
To observe,
To conserve.
There are times when,
Life throws at us
Circumstances.
To understand itself,
To struggle,
To cope with,
To emerge ultimately, the Winner.
There are these same times when,
Despite life throwing at us
Chances,
We don't hold onto,
We don't change,
We don't improve,
We remain what we were.
The same person,
Sometimes a fool,
Sometimes arrogant,
Sometimes an amateur,
Most of the times, Errant and Ignorant!
Friday, October 22, 2010
कल रात, फिर से
कल रात, फिर से
बिस्तर की सिलवटों में,
बेचैनी की करवटों में.
कई ख्याल,
चंद सवाल.
नींद के इंतज़ार में,
मेज़ पर रखी घड़ी,
टिक-टिक करती घुमती घड़ी की सुइयां,
छत पर घूमता पंखा,
हलकी सी बारिश में भींगी
मिट्टी की भीनी -भीनी खुशबू,
हल्की चलती हवाओं से
पत्तियों की सरसराहट.
मन का क्या, निकल पड़ा.
बचपन की गलियों में,
यादो की टोली के साथ.
वो मोहल्ला,
वो पतली सी सड़क,
जामुन के पेड़ पर की
भूतों की कहानी,
शाम ढलते ही
घर लौटने की बेचैनी,
वो पुराने दोस्त,
वो पुरानी दोस्ती.
मन को कौन समझाए,
न अब वो मोहल्ला रहा,
न अब वो दोस्त, न दोस्ती रही.
मन तो फिर भी मन ही है,
न कोई ओर, न कोई छोड़,
न पतंग की कोई डोर.
कैसे बाँध लूं इसको.
कभी हवा के साथ,
कभी यादों के भंवर में,
कभी पुरानी बातों में,
तो कभी भविष्य के ख्यालों में.
मन घूमता रह गया,
कभी स्कूल की मस्ती में,
कभी कॉलेज की बातों में.
घूमता हुआ मन
न जाने कहाँ निकल गया.
वो नहीं रुकता,
न दिल को दुखाने वाली यादों से,
न आने वाली ज़िन्दगी के
संघर्ष के ख्यालों से.
कभी प्यारे दिनों की यादों में
होठों पर मुस्कराहट देता,
कभी उन उदास रातों को याद दिलाकर
आँखों में दो आंसू देता.
मन कुछ नहीं समझता,
वो तो बस घूमना चाहता है
ख्यालों में, यादों में,
कभी कभी सवालों में.
कल रात, फिर से
बिस्तर की सिलवटों में,
बेचैनी की करवटों में...
Wednesday, October 20, 2010
तुम्हारे साथ!
उस शाम, राह पर
तुम्हारे साथ,
नज़रें झुकाकर,
ज़माने से बचाकर
चल रहा था.
कोई बात नहीं,
कुछ ख़ास नहीं.
बस चुपचाप.
सिर्फ एक अहसास,
सिर्फ दिल की एक आवाज़,
कि पकड़ लूं तुम्हारा हाथ.
कि ले चलूँ कहीं ज़माने से दूर.
वहां जहाँ कोई नज़र न हो
वहाँ जहाँ किसी का कोई डर न हो.
पर,
झुकी नज़रों का वो डर
मन का वो करना हमेशा 'किन्तु, अपितु, पर'.
हिम्मत हुई, सोचा
कब तक नज़रें झुकाकर
ज़माने की नज़रों को नज़रअंदाज करूंगा,
आखिर कब उस डर को भूलकर
अपने दिल के लिए इन्साफ करूँगा.
दिल ने एक आवाज़ दिया,
आवाज़ से ज्यादा धिक्कार दिया.
हिम्मत हुई, हाथ बढाया,
नज़रों को उठाया
ज़माने की नज़रों से नज़र मिलाया.
और फिर,
चिढाती हुई वो दोस्तों की ऑंखें,
सवाल पूछती वो बुजुर्गों की आँखें,
वो लोगों की नज़र,
उन नज़रों का डर,
वो ज़माने के पत्थर,
अपने घर के शीशे,
तुम्हारे परिवार की इज्ज़त,
अपने माँ-बाप की बेईज्ज़ती का डर.
वो सबकुछ,
बढ़ते हुए हाथ को फिर वापस कर लिया,
बस सबकुछ चुपचाप सोचता रहा,
मन में सब कुछ दबाकर
तुम्हारे साथ बस चलता रहा, चलता रहा.
Saturday, October 09, 2010
वक़्त बदल गया, हम बदल गए मैं वही रह गया, तुम आगे निकल गए!
मैं वही रह गया, तुम आगे निकल गए.
सिर्फ एक साल ही तो छोटे थे तुम
भाई से ज्यादा दोस्त होते थे तुम.
साथ खेलना, साथ खाना, साथ उठना-बैठना,
कभी कभी तो साथ इतना वक़्त बिताने के लिए मार तक खाना.
दोस्ती की तकरार को भय्यारी से मिटा देना
भय्यारी की मुसीबतों को दोस्ती से सलटा लेना.
मुसीबतों में देना हमेशा एक दुसरे का साथ
एक दुसरे को बताना अपनी वो हर एक बात.
अचानक ये क्या हो गया?
तुम तुम न रहे,
मैं मैं न रहा
दोस्त तो हम नहीं ही रहे,
अब तो भाई भाई भी न रहा.
कभी सोचने बैठता हूँ तो सोच नहीं पाता कि दोषी है कौन,
मैं, तुम, हमारी दोस्ती, ये वक़्त या फिर कोई और.
वक़्त बदलता है, बदलेगा ही और बदला भी,
मगर हमारा वक़्त के साथ में बदलना जरूरी तो नहीं,
या कि दोषी ठहराऊं अपनी उस गहरी दोस्ती को
जो अपनी सारी बातें न बांटते तो आज ऐसा कुछ हुआ होता तो नहीं.
क्या तुम्हारी ज़िन्दगी में किसी और के आने से मैं अहम् न रहा
या ये मेरी ही नासमझी थी जिसके कारण हमारे बीच आज कुछ न रहा.
दोषी ठहराऊं तो किसे ठहराऊं, समझ नहीं आता
सब कुछ भूल जाऊं, ये सोचता हूँ, मगर कर नहीं पाता.
पांच महीने हो गए जब तुमने अंतिम बार मुझसे बात किया था
पता नहीं कहीं वो ही तो वो आखिर बार नहीं, जब तुमने मुझे याद किया था.
वक़्त बदल गया, हम बदल गए
मैं वही रह गया, भाई, तुम आगे, बहुत आगे निकल गए!
Wednesday, October 06, 2010
उस पुराने वाले 'तुम' को कहीं न कहीं खोज कर अपना वही 'हम' ज़रूर बनाऊंगा
Friday, June 25, 2010
माँ ऐसी ही होती है, थोड़ी सी सीधी, थोड़ी अजीब होती है
दोस्तों के साथ जा रहा हूँ,
कुछ काम है या यूँही?
बस ऐसे ही घुमने फिरने,
आने में तो देर ही होगी तुझे,
इंतज़ार तो नहीं ही करना होगा मुझे,
खाना तो बाहर ही हो जायेगा
कोई बात नहीं चूल्हा आज फिर नहीं जल पायेगा,
खाने की मेज़ आज फिर नहीं सज पाएगी,
आज फिर तेरी माँ यूँही कुछ भी खा के सो जाएगी।
***************
आ गया तू, बड़ी देर कर दी,
दोस्तों के साथ हो गयी मस्ती?
हाँ माँ थोड़ी देर हो गयी,
उम्मीद से ज्यादा दोस्तों से मुलाक़ात हो गयी।
जानती है माँ, बड़े पुराने यार थे वहां,
लौट आया हमारे बचपन का वो सारा जहां।
ज़रा इधर आ तो, नशा तो नहीं किया न,
सिगरेट, शराब तो नहीं पी, गुठका तो नहीं खाया न?
माँ तू भी न, देख ले कुछ नहीं किया मैंने
विश्वास रख, इतनी जल्दी तेरी दिखलाई राह से नहीं भटकूँगा
तुझसे लडूंगा, जिरह करूँगा, मगर तेरा विश्वास नहीं तोडूंगा।
***************
क्यूँ रे आज दिन में खाना खाने नहीं आया,
फिर कहीं से कुछ ऐरा गैरा खा आया?
कल ही तो पेट खराब हुआ था, मानता क्यूँ नहीं,
बाहरी चीज़ें खराब होती हैं जानता क्यूँ नहीं।
माँ, तू फिर शुरू हो गयी, भूख लगी है कुछ खाना तो दे
अरे फिल्म देखने गया था, कुछ बोलने का मौका तो दे।
किसके साथ गया था?
दोस्तों के साथ।
लड़कों के साथ या लड़कियों के?
माँ, मेरा खाना नहीं पच सकता बिना तेरी झिडकियों के!
क्यूँ लड़कियों के साथ कभी नहीं जाता?
क्या सोचता है मुझे कुछ समझ नहीं आता?
कल ही तेरी जेब में ये कान की बाली मिली है,
मुझे नहीं पता चलेगा, क्या सोचता है माँ इतनी भोली है?
अरे माँ हूँ तेरी, तेरी सांस तक की गिनती जानती हूँ,
तेरी हर एक हरक़त को पहचानती हूँ,
क्या छुपाता है मुझसे,
क्यूँ कुछ कह नहीं पता है मुझसे
बता न, बता न।
खैर न बता न सही
सोच लेना, कहीं पापा बुरा मान जाएँ नहीं।
आगे पीछे की सोच लेना,
घर में लड़की लाने के पहले, थोड़ी हमारे बारे में भी सोच लेना।
बड़ा हो गया है तू,
सोच सकता है तू,
हमारी इज्ज़त की न सही, लड़की के इज्ज़त की सोच लेना।
माँ! खाना खा लूं???
थोडा रुकेगी तो एकाध सांस ले लूं!
************
क्या हुआ माँ, गुस्से में लग रही है,
क्या हुआ दिसम्बर की सर्दी में क्यूँ तप रही है?
अरे कुछ नहीं, यूँही पड़ोसन से अनबन हो गयी
तुझे लेके उससे बकझक हो गयी।
वो बोल रही थी कि दोस्तों के साथ हुल्लड़बाजी कर रहा था तू,
और एक दिन सिगरेट पीकर धुंआ उड़ा रहा था तू।
एक दिन किसी लड़की के साथ भी देखा था तुझे,
जाने क्या क्या बता रही थी मुझे।
मुझसे रहा नहीं गया,
सारा गुस्सा वहीँ निकल गया।
तू भी न माँ, बड़ी अजीब है,
समझ में नहीं आता तू क्या चीज है।
रोज़ देर से आने पर पता नहीं मुझे क्या क्या सुनाती है
और जब दूसरा ये बातें करता है तो भड़क जाती है।
तू भी न माँ, बड़ी अजीब है,
समझ नहीं आता तू क्या चीज़ है।
माँ हूँ न रे, ऐसी ही हूँ,
तो क्या हुआ थोड़ी अजीब हूँ,
मैं कुछ भी कहूं अपने पूत को
कोई क्यूँ कपूत कहेगा मेरे सपूत को?
माँ ऐसी ही होती है,
Saturday, May 24, 2008
दिल चाहता है
तेरे ख्वाबों मे खो जाने को दिल चाहता है,
तेरी दिल्लगी मे दिल लगाने को दिल चाहता है.
दिल चाहता है दम भर तुम्हे देखता रहूँ,
तेरे साथ हर पल मे एक ज़िंदगी जी लेने को दिल चाहता है.
तेरी हर साँस को महसूस करने को दिल चाहता है,
तेरे बदन की खुशबू मे महक जाने को दिल चाहता है.
दिल चाहता है तेरी सांसो मे कहीं खो जाऊं,
तेरे हर साँस को अपना बना लेने को दिल चाहता है.
तेरी झील सी इन आँखों मे घर बनाने को दिल चाहता है,
तेरे दिल के किसी कोने मे बस जाने को दिल चाहता है.
दिल चाहता है हर पल तेरे साथ रहूँ,
तेरी बाँहों मे छोटा सा एक आशियाँ बनाने को दिल चाहता है.
नैनों मे तेरे काजल बन कर रह जाने को दिल चाहता है,
बिंदियाँ बनकर तेरे माथे को चूमने को दिल चाहता है.
दिल चाहता है कानों की बाली बनकर तेरे गालों को चुमूं,
आइना बनकर हर वक्त तेरे दीदार करने को दिल चाहता है.
दिल सहम जाता है तुझसे जुदा होने के बस ख्याल से
टूट जाता है दिल तुझसे अलग होने के हर सवाल से
दिल चाहता है तेरी ज़िंदगी का एक हिस्सा बन जाऊँ,
तेरे साथ पूरी ज़िंदगी गुजार देने को दिल चाहता है.
अंशुमान आशु












