Sunday, November 08, 2026

सूनी खामोश दिवाली!

30 साल पहले की दिवाली। पटना के एक मिडल क्लास परिवार की।२ कमरे के एक छोटे घर में किराए पर रहने वाले एक डॉक्टर के परिवार की।सरकारी नौकरी और थोड़ी बहुत प्राइवेट प्रैक्टिस में संघर्ष कर रहे अपने छोटे परिवार और उसके साथ रह रहे extended परिवार के कुछ और सदस्यों की वो दिवाली।

पापा ने सपने देखे थे और उन्हें पूरा करने के लिए दिन रात संघर्ष में लगे हुए थे। उसी संघर्ष की परिणति थी 1996 की वह दिवाली। एक तल्ले का एक छोटा मकान पटना शहर में बन कर तैयार होने वाला था। गृह प्रवेश लगभग एक महीने दूर था। घर में खिड़की किवाड़ें भी नहीं लगी थी। दीवारों पर अभी पेंट भी नहीं हुआ था, सिर्फ़ वाइट सीमेंट की दो परत पूरी हुई थी। बिजली की वायरिंग का काम युद्धस्तर पर चल रहा था। पापा ने डेडलाइन सेट किया था। "दिवाली में घर में लाइट जलनी चाहिए।" strict instruction था बिजली मिस्त्री के लिए। काम नियत समय पर पूरा भी हुआ। पापा यहीं वेट कर रहे थे। हमलोग अपने किराए के मकान से शाम में दिया बत्ती लेकर अपने नए घर पर दिवाली मनाने आए थे। सारा घर रोशनी से जगमग कर रहा था। बाहर कुछ रंगबिरंगे फैंसी लाइट भी पापा ने लगवाए थे। ख़ुद बाज़ार में जाकर खोज खोज कर सारे फ़िटिंग्स पापा लेकर आए थे। पड़ोस के चाचा जी ने उन लाइटों को उनके रंग के हिसाब से रसगुल्ला, राजभोग इत्यादि संज्ञा दी थी। 

हम सब बहुत ख़ुश थे। पापा भी खुश रहे होंगे। खुश थे, या संतुष्ट थे, या दोनों थे, वो रहते तो शायद उनसे पूछता! अभी अनुमान ही लगा सकता हूँ। उन्हें सही मायनों में क्या महसूस हो रहा था ये हम बच्चे शायद उस समय नहीं समझ पाए थे। मगर आज जब पीछे मुड़कर देखता हूँ तो घर के सामने खड़ा अपने ही घर को निहारता वो आदमी आज भी घर के बाहर खड़ा दिख रहा है। मुस्कुराता हुआ! अपने तब तक के संघर्ष और त्याग को फलीभूत होते हुए देखकर अपने आप से संतुष्ट! और शायद अपने परिवार को, बच्चों के भविष्य को आगे सेटल करने के लिए आने वाले समय और डट कर संघर्ष करने की हिम्मत जुटाता हुआ।

1996 की दिवाली हमारे परिवार के लिए एक माइलस्टोन बनकर आई थी। उसके पहले शायद ही किसी दिवाली में हम पटना में रुकते थे। नानी के यहाँ बथुआ जाना ही हमारी दिवाली होती थी। स्कूल की छुट्टी होते ही मम्मी हमलोगों को लेकर बथुआ चली आती थी। बस से ताजपुर, फिर टमटम या ऑटो से पूसारोड और फिर रिक्शे से बथुआ। पूसारोड में बच्चों की आँखे आस लगायी रहती थी कहीं बाज़ार में बब्बन मामू दिख जाएँगे। मामू को नौकरी लग गई थी। जब से उनको नौकरी लगी थी बथुआ की दिवाली में हमारी झोली उनके दिए हुए पटाखों से भरी रहती थी। पापा हमारे साथ बथुआ नहीं जाते थे। काम से छुट्टी मिल जाने पर दिवाली की शाम होते होते कई बार बथुआ अपने स्कूटर से ही पहुँच जाते थे। कुछ बार नहीं भी आ पाते थे। मगर हर बार हमारे पटना से निकलने के पहले ही हमारे लिए पटाखे जरूर ले आते थे। नाना नानी और मामूजी के साथ हमारी दिवाली आज भी मिस करता हूँ। ना नाना रहे, ना नानी। बब्बन मामू को गए हुए भी 8 साल हो गए। इस साल पापा ने भी साथ छोड़ दिया।

बचपन की दिवाली रोशनी से जगमग रहती थी। पटाखों के शोर से गुलज़ार रहती थी। रोशनी आज की दिवाली में भी है, बच्चे आज भी बाहर पटाखे फोड़ रहे हैं मगर इस बार दिवाली अँधेरी, ख़ामोश और सूनी है। कोई भी त्योहार रंगों, मिठाइयों, दीयों और पटाखों से नहीं होता। त्योहार होता है परिवार से, परिवार के हर एक सदस्य से। किसी के चले जाने से दुनिया ख़त्म भी नहीं होती। वैसे ही चलती रहती है। चले गए लोगों के लिए कसक तो रहती है मगर जिन्हें वो छोड़के गए हैं उनके साथ रहने की ख़ुशी भी रहती है। 

पापा आपके बिन ये दिवाली बहुत सूनी लग रही है। 1996 के बाद, बहुत कोशिश कर के भी एक भी दिवाली नहीं याद आ रही जब आप मेरे साथ नहीं थे। दिल्ली और कलकत्ते में रहने के दौरान भी हर बार दिवाली में लौट कर घर चले आना मुझे अच्छी तरह से याद है। इस बार बिल्कुल मन नहीं लग रहा। शायद अगली बार से इसे और अच्छे से मना पाऊँ। शायद अपने बच्चों को वो सब कुछ दे पाऊँ जो आपने अपने जीवन में संघर्ष के बावजूद हमलोगों के लिए हमेशा पूरा किया। आपने जो हमारे लिए किया उसका दसवां हिस्सा भी अगर मैं अपनी अगली पीढ़ी को देकर जाता हूँ तो शायद मैं भी अपने आप को संतुष्ट पाऊँगा।

Happy Diwali Papa!